झांसी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जनपद के अछरू माता मंदिर से दर्शन करके लौट रहे बड़ागांव क्षेत्र के निवासियों की कार में एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। हादसा शंकरगढ़ के पास हुआ, इससे मौके पर चीखपुकार मच गई।
बड़ागांव के मजमटिया मुहल्ले के एक दर्जन लोग रविवार को कार में सवार होकर अछरू माता के दर्शन करने गए हुए थे। शाम तकरीबन चार बजे वे सभी वापस लौट रहे थे। इसी दरम्यान मऊरानीपुर रोड पर शंकरगढ़ के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे कार सवार 10 लोग घायल हो गए। हादसे से मौके पर चीखपुकार मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां रामप्रसाद कुशवाहा की पत्नी प्रेमवती (40) तथा हीरालाल के पुत्र कौशल (33) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, घायल गणेश, कार्तिक, शीला सेन, प्रेमादेवी, कमला कुशवाहा, भारती, कमलेश व सोनिया का इलाज जारी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों के हवाले कर दिए गए।