झांसी। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा के प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई की सुविधा के लिए ट्यूबवेल के कनेक्शन जल्दी से जल्दी दिए जाएं। नए कनेक्शन के लिए विद्युत स्टोर से सामग्री जारी करने में तेजी लाएं। पूरी सामग्री एक बार में ही जारी की जाए, जिससे किसानों को बार-बार परेशान नहीं होना पड़े।
मंगलवार को ग्रासलैंड के अंतर्राष्ट्रीय गेस्ट हाउस में जालौन और झांसी जिले की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि एकमुश्त समाधान योजना की तैयारी पूरी कर ली जाए, जिससे उपभोक्ताआें को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। योजना शुरू करने के लिए कभी भी तिथि घोषित हो सकती है। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पूर्व से मरम्मत के कार्य कर लिए जाएं, जिससे सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान की जाए। मरम्मत के कार्यों में लापरवाही न बरती जाए।
इस मौके पर मुख्य अभियंता झांसी क्षेत्र एमके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता शहर राजकुमार, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण जेपीएन सिंह, विनोद सिंह, अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु, अनुभव कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण शैलेंद्र कटियार, ग्रासलैंड के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एसके सिंह आदि मौजूद रहे।