गुरुवार को वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली की रक्सा टोल प्लाजा पर एक ट्रक खड़ा हुआ था, जिसमें तस्करी कर लाई गई खैर की लकड़ी है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर वन विभाग की टीम को भेजा। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रक ड्राइवर से लकड़ी के कागज मांगे तभी ट्रक ड्राइवर ने ट्रक को स्टार्ट कर वन कर्मियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन चालक की मंशा देखकर वन विभाग की टीम ने दौड़ लगाकर जान बचाई और ट्रक का पीछा करना शुरू किया।
तकरीबन 25 किलोमीटर पीछा करने के बाद ट्रक को बबीना टोल प्लाजा पर पकड़कर बबीना थाने के सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम राहुल पुत्र दिलवाग निवासी थाना कलानौर जिला रोहतक बताया। प्रभागीय वन अधिकारी जेबी शेंडे ने बताया कि रक्सा टोल प्लाजा पर खैर की लकड़ी की तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। वन विभाग की टीम ने चालक से लकड़ी के कागज मांगने पर चालक ने वनकर्मियों पर ट्रक चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया था। पीछा करने पर ट्रक को रक्सा टोल प्लाजा पर पकड़कर बबीना थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।