दतिया के बसई थाना इलाके के ग्राम उर्दना निवासी तोरन सहारिया (39) हंसारी में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था। वह यहां एक रेहड़ी पर काम करता था। बुधवार की शाम को तोरन रेहड़ी पर समोसा सेंक रहा था। इस दौरान हल्की बारिश हो रही थी, जिससे रेहड़ी में करंट आ गया, जिसकी चपेट में तोरन भी आ गया।
इस पर वह चीखने लगा कि मर गया, मर गया। दो युवक उसे बचाने के लिए भी दौड़े तो उन्हें भी करंट का झटका लग गया। करीब 30 सेकंड तक तोरन चिपका रहा। बाद में वह गिरने लगा तो लोगों ने पकड़ लिया। आनन-फानन लोग उसे मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मृतक के परिवार में पत्नी रामदेवी और चार साल की बेटी है। उसकी मौत के बाद से पत्नी का बुरा हाल बना हुआ है।