झांसी। कोरोना संक्रमण के चलते बंद किए गए महानगर के पार्क बुधवार सुबह से खुल जाएंगे। इस दौरान लोगोें को मास्क लगाकर ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही, पार्क के एक ही गेट से प्रवेश और निकासी की जाएगी। पार्कों में मंगलवार को पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं।
कोरोना संक्रमण को लेकर हुए लॉकडाउन के दौरान महानगर के सभी पार्कों को बंद कर दिया गया था। घर में ही रहकर लोग योग और छत पर वॉक कर रहे थे। अनलॉक के दौरान सरकार ने पार्कों को खोलने की गाइडलाइन जारी की। इसके बाद नगर निगम ने पार्क खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को महानगर के 60 पार्क खोल दिए जाएंगे। पार्क सुबह और शाम को पांच बजे से आठ बजे तक खुलेंगे। इस दौरान लोगों को मास्क लगाकर प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही, एक ही गेट से प्रवेश और निकासी होगी। जहां गार्ड लोगों को सैनिटाइज कराएंगे। मंगलवार को पार्कों को नगर निगम की टीम ने सैनिटाइज किया। इसके साथ ही, पार्कों में मंगलवार को गमलों के रंग-रोगन और साफ-सफाई का काम चलता रहा। नगर निगम के कर्मचारी पार्क में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
खूब बिखरी हरियाली
लॉकडाउन के दौरान बंद रहने के चलते पार्कों में खूब हरियाली बिखरी। इस दौरान पौधों पर खिले फूल और हरियाली ने पार्कों की शोभा बढ़ा दी है। बुधवार से पार्क खुलने के बाद लोग सेहतमंद बनने के लिए फिर से जुटेंगे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन कराया जाएगा।