झांसी। जिले में कोरोना वायरस के चलते हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार को वायरस संक्रमित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, 21 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। मौजूदा समय में झांसी में संक्रमितों की संख्या 603 पहुंच गई है। मरने वालों का आंकड़ा 38 हो गया है।
जुलाई में जिले में कोरोना वायरस से हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं। इससे अधिकारियों की तैयारियों और दावों की भी हवा निकल गई है। कोरोना से होने वाले मौतों के मामले में झांसी प्रदेश के चुनिंदा जिलों में शामिल हो गया है। खुद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ कोरोना के बढ़ते मामलों और मौतों की वजह से चिंतित हैं। जिले के अधिकारियों से भी सख्त नाराजगी जता चुके हैं। इसके बावजूद कोरोना से हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार को वायरस संक्रमित 21 नए मामले सामने आए हैं। लगातार बढ़ रहे संक्रमण और मौतों के आंकड़ों ने हिलाकर रख दिया है। कोरोना से पुलिया नंबर नौ निवासी 62 वर्षीय वृद्ध, रानी महल की 70 साल की वृद्धा और सैयर गेट का 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। अब झांसी में संक्रमितों की संख्या 603 पहुंच गई है। मौजूदा समय में 368 एक्टिव केस बचे हुए हैं। सोमवार को 25 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया।