संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। बुधवार की रात करीब नौ बजे पूंछ थाना इलाके में बाइक सवार तीन लोग ग्राम चितगुवां के पास नहर में जा गिरे, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों रतनगढ़ माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
थाना एरच के ग्राम खमा निवासी हरदयाल (65), बहादुर (55) और भनी (22) रतनगढ़ वाली माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दरम्यान ग्राम चितगुवां के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। यह देख आसपास खेतों की रखवाली कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की सहायता से तीनों को मशक्कत के बाद नहर से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ भेजा। हालत गंभीर होने पर यहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल में हरदयाल की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच में जुट गई है।