- मऊरानीपुर-टीकमगढ़ मार्ग पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। मंगलवार की दोपहर मऊरानीपुर-टीकमगढ़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने पीएसी जवान समेत तीन को रौंद दिया। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद चालक क्षतिग्रस्त कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
ग्राम भदरवारा निवासी पीएसी में तैनात राजेंद्र कुमार अपने भतीजे विक्की के साथ गांव पचवई से अपने परिचित से मिलकर ई-स्कूटर से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटर उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। उस पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी एक दुकान में जा घुसी। दुकान पर 11 वर्षीय बालक रमेश निषाद बैठा हुआ था। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर भेजा। चाचा-भतीजे की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।