झांसी। घाटमपुर स्टेशन मास्टर ने पटरियों के पास पड़े शव को उठाने के बदले ढाई हजार रुपये न देने पर पुलिस पर गाली गलौज व धमकाने का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत रेलमंत्री, महाप्रबंधक, आरपीएफ व जीआरपी से की गई है।
शिकायत में स्टेशन मास्टर अनुज सिंह ने बताया कि वह ड्यूटी पर कार्यरत थे, तभी घाटमपुर थाने का एक सिपाही उनके पास एक पत्र लेकर आया। पत्र में बताया गया कि पटरियों के पास एक अज्ञात शव पड़ा मिला है, जिसका कोई वारिस नहीं है। लावारिस शव का अंतिम संस्कार करने के लिए नियम के तहत ढाई हजार रुपये दिए जाएं। उन्होंने इस मामले की जानकारी यातायात निरीक्षक को दी। यातायात निरीक्षक ने बताया कि स्टेशन क्षेत्र में शव मिलने पर ही ढाई हजार रुपये दिए जाते हैं। अगर सिगनल के बाहर सेक्शन में शव मिलता है तो संबंधित थाना पुलिस ही खर्च वहन करती है। इस पर स्टेशन मास्टर ने नियम का हवाला देकर रुपये देने से इंकार कर दिया। अगर वह नियम के विरुद्ध रुपये दे देते हैं तो वह उनके वेतन से कट जाएंगे। इस पर सिपाही ने स्टेशन मास्टर की थाना प्रभारी से मोबाइल पर बात कराई। आरोप है कि इस बात पर नाराज होकर थाना प्रभारी ने स्टेशन मास्टर से गाली गलौज कर धमकाया।