बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी कमली सिंह और बेटे श्रेयांश सिंह के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास के कोच ई-2 में यात्रा कर रहे थे। उनकी सीट 8 नंबर थी। जबकि, पत्नी सीट नंबर 50 और बेटे 51 पर बैठ थे। विधायक ने बताया कि सीट नंबर 49 और 52 पर यात्री आपत्तिजनक स्थिति में पैर फैलाकर बैठे थे और भोजन कर रहे थे। उन्होंने एक यात्री से उनकी सीट पर आकर बैठने के लिए कहा, ताकि वह अपने परिवार के साथ बैठ सकें। इस पर यात्री उनसे बहस करने लगा और अशोभनीय भाषा का भी इस्तेमाल किया।
उनके गनर ने टोका तो उसे वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। स्थिति को शांत करने के लिए विधायक कुछ समय के लिए कोच की गैलरी में चले गए। दोनों यात्रियों को लगा कि वह फोन पर उनकी शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद दोनों यात्री बाहर आकर उनसे बहस करने लगे। विधायक ने कहा कि इससे न सिर्फ उनकी यात्रा बाधित हुई, बल्कि उन्हें और परिवार को मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। ट्रेन के झांसी आने पर आरपीएफ, जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए।
वहीं, उसी कोच में यात्रा कर रहे मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है और सीट नंबर 50 पर बैठे एक यात्री के साथ बाहर से आए सात-आठ लोगों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया है। इससे यात्री के चोटिल होने की बात कही गई है। हालांकि, विधायक ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है। उनका कहना है कि वह पत्नी और बच्चे के साथ ट्रेन से उतरकर बाहर निकल आए थे। वहीं, जीआरपी इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बबीना विधायक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।