कटेरा के सुरईपुर में चिकन पॉक्स फैलने की सूचना पर पहुंची डॉक्टरों की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कटेरा के मुहल्ला सुरईपुरा में बुधवार को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चिकन पॉक्स के रोगियों की जांच कर दवाएं दीं। आसपास के घरों में जाकर लोगों को भी चेक किया, मगर कोई अन्य रोगी नहीं मिला। वहीं, कई इलाकों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया।
सुरईपुरा में रहने वाले नंदराम उर्फ नंदू की चिकन पॉक्स से मृत्यु होने तथा परिवार के सभी सदस्यों को चिकन पॉक्स होने की सूचना पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी। टीम को नंदराम के परिवार में पत्नी रानी, पुत्र सचिन व अमित तथा बेटी वर्षा के अलावा पड़ोस में रहने वाली ईशानी चिकन पॉक्स की चपेट में मिली थी। संक्रामक रोग की रोकथाम के लिए बुधवार को सीएचसी बंगरा के डॉ. केके राजपूत के निर्देश पर डॉ. नवनीत बंसल के साथ स्वास्थ्य कर्मी मुहल्ला में पहुंचे और रोगियों की जांच कर दवाएं दीं। कई घरों के लोगों की जांच की, मगर किसी में भी संक्रमण नहीं मिला। कई इलाकों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। सीएससी अधीक्षक डॉ. केके राजपूत ने बताया कि टीम को चेकिंग में कोई अन्य रोगी नहीं मिला। जिनको चिकन पॉक्स है, उनकी हालत में सुधार है।