झांसी। मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन में बैठक हुई। इसमें 15 अगस्त को सुबह साढ़े 10 बजे से पंडित दीनदयाल सभागार में होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। सीडीओ ने बताया कि जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कोविड टीकाकरण से संतृप्त हुए प्रत्येक ब्लॉक के प्रथम गांव के प्रधान को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, पंचायती राज के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले डाक्टर, ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूह, प्रगतिशील किसान, सिविल डिफेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों का सम्मान होगा। शिक्षा एवं संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक एवं बुंदेली कलाकारों से लोकगीत, देशभक्ति गीत कार्यक्रम कराए जाएंगे। बैठक में जेडीए सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, सीएमओ डॉ. जीके निगम, डीडीओ सुनील कुमार, परियोजना निदेशक उपेंद्र पाल, डीपीआरओ जगदीश राम गौतम, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ योगेंद्र तोमर, डीआईओएस कोमल सिंह यादव, बीएसए वेदराम, डीआईओ एनआईसी आसिफ खान समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।