झांसी। जून और जुलाई माह में जिले में मानसून बुरी तरह से पिछड़ गया था। लेकिन, अगस्त माह का शानदार आगाज हुआ है। महीने के दो दिनों में पूरा जनपद पानी से तरबतर हो गया। इसमें भी मेघ महानगर पर खूब मेहरबान हुए। जिले की अन्य तहसीलों के मुकाबले झांसी सदर तहसील में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग की ओर से रविवार की सुबह आठ बजे से सोमवार की सुबह आठ बजे तक के बारिश के तहसीलवार आंकड़े जारी किए गए हैं। इन चौबीस घंटों के दरम्यान सबसे ज्यादा 108.6 मिमी बारिश झांसी सदर तहसील में दर्ज की गई। जबकि, टहरौली तहसील में 159.6 मिमी, गरौठा में 77, मऊरानीपुर में 73 और मोंठ तहसील में 63 मिमी बारिश हुई। जबकि, शुरुआती दो महीनों जून और जुलाई में मानसून जिले में बुरी तरह से पिछड़ गया था। जून माह में जिले में बारिश का औसत आंकड़ा 73.3 मिमी का है और उसके सापेक्ष महज 49.54 मिमी ही बारिश हुई थी। जुलाई में भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। जुलाई में सामान्य बारिश का आंकड़ा 296.4 मिमी का है और हुई थी 139.78 मिमी। जबकि, अगस्त में सामान्य बारिश का आंकड़ा 278.6 मिमी का है और दो दिनों में 108.6 मिमी बारिश हो चुकी है।
10 साल में सिर्फ दो बार हुई सामान्य बारिश
झांसी। सूखाग्रस्त इलाके के रूप में देश में बुंदेलखंड की पहचान यूं ही नहीं है। इस क्षेत्र में मानसून अक्सर रूठ जाता है। इसका अंदाजा झांसी जनपद के पिछले 10 साल के बारिश के आंकड़ों को देखकर लगाया जा सकता है। जिले में औसत बारिश का आंक़ड़ा 800 से 900 मिमी का है, लेकिन इस आंकड़े को जिला पिछले दस साल के दरम्यान 2010-11 और 2013-14 में ही छू पाया था।
वर्ष बारिश (मिमी में)
---------------------------------
2011-12 909.30
2012-13 774.82
2013-14 1300.80
2014-15 542.77
2015-16 470.30
2016-17 561.11
2017-18 391.33
2018-19 710.17
2019-20 562.22
2020-21 402.58