झांसी। एसएसपी आवास के सामने 28 फरवरी को शव रखकर चक्का जाम करके यातायात ठप करने के आरोप में नवावाद पुलिस ने सिपाही दपंती समेत उसके दस रिश्तेदारों के खिलाफ नामजद एवं डेढ़ दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आगरा पीएसी में तैनात रजत रायकवार एवं बरुआसागर थाने में तैनात उसकी पत्नी महिला कांस्टेबल प्रमिला कश्यप ने सोमवार को परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय के सामने की सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया था। उनका आरोप था कि पुश्तैनी मकान पर कब्जा करने की नियत से उनके पिता सोहन लाल की स्कूटी पर जानबूझकर टक्कर मारी गई। इस वजह से उनकी मौत हो गई। करीब एक घंटे तक उनका शव एसएसपी कार्यालय के सामने की सड़क पर रखकर परिजनों ने प्रदर्शन किया। एसपी (आरए) नैपाल सिंह ने भी उनको समझाने की कोशिश की लेकिन, एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। इंस्पेक्टर नवाबाद सुधाकर मिश्र के मुताबिक यातायात ठप करने के आरोप में रजत रायकवार, प्रमिला कश्यप, राजेंद्र रायकवार, कामनी, दीपक अग्रवाल, नरेंद्र, संजीव पांडेय, राकेश साहू एवं मोहम्मद नदीम समेत डेढ़ दर्जन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।