जिले में फोन पर तलाक देने का दूसरा मामला अदालत के आदेश पर थाना कोतवाली में दर्ज हुआ है। पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली स्थित भैरो खिड़की निवासी इमरान अली ने शिकायत करते हुए बताया कि उसकी बहन फरजाना की शादी दो दिसंबर 2018 को आगरा के फतेहाबाद रोड निवासी अमन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। उसको धमकी दी गई कि यदि दहेज की मांग पूरी न हुई वह दूसरी शादी कर लेगा। जबरन उसका गर्भपात कराने की भी कोशिश की गई। उसके मना करने पर ससुरालियों ने उसे मायके भेज दिया।
आरोप है कि नौ मार्च पर फोन कर उसे गर्भ गिराने के लिए धमकाया गया। मना करने पर उसको तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया। जिसे सुनकर वह अवाक रह गई। मामले की शिकायत करने परिजन एक अप्रैल को थाना कोतवाली पहुंचे।
जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। परेशान होकर पीड़ित ने अदालत के सामने मामला रखा। अदालत के आदेश पर अमन, शहनाज, जहीर, राहत व फिरदौस पर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।