झांसी। बामौर ब्लॉक के दस परिषदीय स्कूलों की निरीक्षण रिपोर्ट में स्थितियां विपरीत मिलने पर एडी बेसिक ने संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी है। उक्त विद्यालयों में कहीं अध्यापक गायब मिले तो कहीं बच्चों की संख्या न्यून मिली। इसके अलावा मिड-डे मील, शैक्षिक गुणवत्ता, स्वच्छता आदि की स्थिति भी खराब मिली।
एडी बेसिक जीएस राजपूत के निर्देश पर उपनिरीक्षक उर्दू राजेश त्रिपाठी ने विगत दिनों बामौर ब्लाक के दस स्कूलों का निरीक्षण किया था। उन्होंने एडी बेसिक को सौंपी निरीक्षण रिपोर्ट में बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय डूडी बंद मिला। गांव वालों ने जानकारी दी कि शिक्षक कभी कभार ही आते हैं।
इस पर एडी बेसिक ने शिक्षक बृजेंद्र सिंह की एक वेतनवृद्धि रोक दी। प्राथमिक विद्यालय डूडी में पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष सिर्फ 13 विद्यार्थी ही मिले। इस दौरान प्रधानाध्यापक सुरेंद्र एवं सहायक अध्यापिका सुलेखा सिंह अनुपस्थित मिलीं। वहीं, विद्यालय में लगभग दो माह से मिड-डे मील नहीं बनने आदि की शिकायत की गई।
इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक सुरेंद्र की दो वार्षिक वेतनवृद्धि व अध्यापिका सुलेखा सिंह का एक दिन का वेतन रोक दिया। वहीं कार्य में सुधार न होने पर बीएसए को प्रधानाचार्य की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए हैं।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुडरी में स्थिति सामान्य मिली। वहीं प्राथमिक विद्यालय कुडरी में पंजीकृत 130 में सिर्फ 44 विद्यार्थी ही मिले। प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, सहायक अध्यापिका बबिता अनुपस्थित मिलीं। पूर्व के निरीक्षणों में भी संदीप अनुपस्थित मिले थे। ऐसे में उनकी दो वेतनवृद्धि रोकने व सहायक अध्यापिका का एक दिन का अवरुद्ध करने का निर्देश दिया है।
वहीं अन्य खामियां मिलने पर प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार का निरीक्षण तिथि का वेतन रोक दिया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहतर में पंजीकृत 29 विद्यार्थियों में से सिर्फ 3 ही मिले। प्राथमिक विद्यालय दखनेश्वर में सहायक अध्यापिका रेनू मिश्रा अनुपस्थित मिलीं, जो पूर्व के निरीक्षण में भी अनुपस्थित थीं।
उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय दखनेश्वर व प्राथमिक विद्यालय गढ़वई की स्थिति मिली जुली रही। सहायक अध्यापक लक्ष्मी नारायण की अनुपस्थिति पर उनका एक दिन का वेतन रोक दिया। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़वई में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
खंड शिक्षा अधिकारी बामौर से मांगा स्पष्टीकरण
एडी बेसिक जीएस राजपूत ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी बामौर द्वारा विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति की सुनिश्चितता के लिए कोई प्रयास नहीं करने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूर्व में 12 अगस्त को बामौर ब्लाक के परिषदीय विद्यालयों में निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय डूडी, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कुडरी में अध्यापक अनुपस्थित मिले थे। ऐसे में निरीक्षण की आख्या खंड शिक्षा अधिकारी बामौर को भेजी गई थी, लेकिन पुन: हुए निरीक्षण में उक्त विद्यालयों में सुधार नहीं मिला।