झांसी। त्योहार पर शहर में टैक्स चोरी का माल धड़ल्ले से आ रहा है। वाणिज्य कर सचल दल पिछले 21 दिन में 32 वाहन पकड़ चुके हैं, जिनमें अधूरे या बिना बिल के माल को ले जाया जा रहा था। जब्त माल पर 53 लाख रुपये से अधिक का शमन शुल्क जमा कराया गया।
दीपावली के बाजार में परचून, ड्राई फ्रूट्स, इलेक्ट्रिकल गुड्स, गिफ्ट आइटम, रेडीमेड गारमेंट्स, बर्तन व अन्य वस्तुओं की खूब खरीदारी होती है। नवरात्र से ही व्यापारी माल मंगाना शुरू कर देते हैं। चूंकि, महानगर के बाजार से झांसी ग्रामीण समेत बुंदेलखंड के अलग- अलग हिस्सों में माल जाता है। इस कारण त्योहार पर व्यापारी बिल के अलावा करोड़ों रुपये के टैक्स का माल भी अलग- अलग साधनों से मंगाते हैं। इस बार भी व्यापारी प्रचुर मात्रा में माल मंगा रहे हैं।
इधर, वाणिज्य कर सचल दल की पांच इकाइयां ग्वालियर रोड, बस स्टैंड, बबीना रोड, कानपुर रोड, शिवपुरी रोड से आ रहे वाहनों की लगातार चेकिंग कर रहीं हैं। इन इकाइयों ने पिछले 21 दिन में 1784 वाहनों में आ रहे माल के प्रपत्रों की जांच की। जांच के दौरान 32 वाहनों में परचून, इलेक्ट्रानिक, रेडीमेड गारमेंट्स समेत कई वस्तुओं का माल बिना बिल के पकड़ा गया। भौतिक सत्यापन में बरामद माल की कीमत 1.58 करोड़ आंकी गई। जिस पर संबंधित व्यापारियों से 53.36 लाख रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया। इस संबंध में ज्वाइंट कमिश्नर (प्रवर्तन) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार पर टैक्स चोरी का माल पकड़ने के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है।
जोन में पांच हजार से अधिक वाहनों की हुई जांच
झांसी वाणिज्य कर जोन में झांसी, उरई जालौन, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा व चित्रकूट जनपद आते हैं। इन सभी जगह टैक्स चोरी का माल पकड़ने के लिए 14 सचल दल इकाइयां काम कर ही हैं। त्योहार के दौरान इन सचल दल इकाइयों ने 5578 वाहनों की जांच की। इनमें 228 वाहनों में 265. 53 लाख रुपये का टैक्स चोरी का माल पकड़ा गया। इस माल पर 390.86 लाख रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया।