झांसी। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने अवगत कराया है कि प्रतिकूल मौसमीय प्रभाव के कारण जिला झांसी की तहसील मोंठ में आने वाली ग्राम पंचायतों के किसानों द्वारा खरीफ मौसम में फसल परिवर्तन करते हुए धान के स्थान पर मूंगफली की खेती की गयी है। लेकिन किसान क्रेडिट कार्ड में फसल धान अंकित होने के कारण विषयगत किसानों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा नहीं हो पा रहा है।
योजना के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी कारण से किसान द्वारा नियोजित, बीमित फसल के स्थान पर कोई अन्य फसल बोए जाने की स्थिति में बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। कार्यदिवस पूर्व संबधित बैंक को फसल परिवर्तन प्रमाण-पत्र की सूचना देनी होगी।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग से प्राप्त सूचना के आधार पर मोंठ के क्षेत्रांतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों पहाड़ी बुजुर्ग, मिरौना, ध्वानी, छिरौना, जरयाई, गुलारा, मियांपुर, चिरगांव देहात, करकोस, लुधियाई, पट्टी कुंहर्रा, बरल, करगुवां, नांदखास, नंदसिया, सिया, भरतपुरा, सिकरी बुजुर्ग, दवरा बुजुर्ग, औंपारा, रामनगर, कुंहरिया, चेलरा, बकुआं बुजुर्ग, गडूका, परगैना, सिमथरी, नरी, अतवेई, मुडेई, बिठरी, पचार, बझेरा, पूंछ, फतेहपुर, धौरका, जौरा, पनारी, भौराघाट, पांडौरी एवं तालौड़ में मूगफली की फसल को अधिसूचित कर दिया गया है।