ओरछा में रिश्वत लेते पकड़ा गया रीडर (घेरे में) पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : DEHAT
ओरछा तहसीलदार का रीडर 50 हजार रिश्वत लेते पकड़ा
ओरछा/झांसी । सागर लोकायुक्त के छह सदस्यों के दल ने गुरुवार को कमिश्नर कोर्ट के स्थगन आदेश को रिकार्ड में दर्ज करने के एवज में ओरछा तहसीलदार के रीडर प्रदीप बबेले को 50 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
उप पुलिस अधीक्षक राजेश खेड़े ने बताया कि प्रदीप बबेले रामनगर के किसान महेश यादव को उनकी जमीन के नामांतरण पर कमिश्नर कोर्ट के स्थगन आदेश को रिकार्ड में दर्ज करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। 8 अगस्त को महेश यादव ने शिकायत की। इसके बाद लोकायुक्त सागर के दल ने गुरुवार दिन में करीब 12.30 बजे रीडर प्रदीप को पकड़ने की रणनीति बनाई। महेश यादव ने उसे तहसील कार्यालय में जैसे ही रिश्वत की रकम पचास हजार रुपये दी तो लोकायुक्त टीम ने दबोच लिया। यह जानकारी होने पर तहसील में हड़कंप मच गया। राजेश खेड़े के मुताबिक मामले में आवश्यक कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा । लोकायुक्त टीम में डीएसपी राजेश खेड़े, आरक्षक आशुतोष व्यास, अरविंद नायक, अजय क्षेत्रीय, संतोष गोस्वामी, शफीक खान शामिल रहे।
छह एकड़ जमीन का है मामला
महेश यादव का कहना है कि उसकी करीब छह एकड़ जमीन पर परिवार के लोगों के साथ विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है । 2017 से सागर कमिश्नर कोर्ट में मामला चल रहा है जिसके तहत संपूर्ण जमीन पर स्थगन आदेश जारी किया गया था किंतु बाबू स्थगन आदेश रिकार्ड में दर्ज नहीं कर रहा था। उसने 50 हजार रुपये की मांग की थी।