नल से हो रही नाले के पानी की आपूर्ति
झांसी। सीपरी बाजार स्थित कारगिल पार्क के पास नाले से गुजरी पाइप लाइन में पांच महीने से लीकेज है। इससे नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। कई बार शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नही हो रही है।
कारगिल पार्क से निकली पानी की मुख्य पाइपलाइन से लगभग एक हजार घरों में पानी की आपूर्ति की जाती है। पिछले पांच महीनों से नाले से निकली मुख्य पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण लोगों के घरों में गंदा व बदबूदार पानी जा रहा है। जिससे इलाके के लोग कई तरह की गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो गए हैं। पानी का अन्य कोई विकल्प नही होने के कारण लोगों को पीने के पानी का इंतजाम दूरदराज से करना पड़ रहा है।
पांच महीनों से नाले से निकली पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण पूरे इलाके में गंदा व बदबूदार पानी आ रहा है। पीने के पानी के लिए भी लोगों को अन्य जगहों पर जाना पड़ता है। समस्या का निदान होना आवश्यक है। - शैैफाली अरोरा, स्थानीय निवासी
कई बार जलसंस्थान व जलनिगम के अधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक अफसरों को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं। अधिकारियों के द्वारा हर बार आश्वासन ही दिया जाता है। आज तक कोई कार्यवाही अमल में नही लाई गई। - उमेश जोशी, स्थानीय पार्षद