झांसी। थाना प्रेमनगर के बिजौली क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उपचार से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात पुलिस को मृतका के घर वालों की तरह से कोई तहरीर नहीं मिली है।
ललितपुर जिले के तालबेहट स्थित कड़ेसरा कला निवासी वंदना पाल (20) की डेढ़ साल पहले थाना प्रेमनगर के सैैयर गांव निवासी गोपाल पाल के साथ शादी हुई थी। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के पास बने कुएं पर पहुंचकर वंदना ने छलांग लगा दी। आसपास के लोग घटना देखकर घबरा गए। ग्रामीणों ने वंदना को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन जब तक पानी में डूबकर मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन व ग्रामीण मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोेषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर पाकर कड़ेसरा कला से परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। बिजौली चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
चार माह की बेटी भी है
बताया गया है कि वंदना के चार माह की बेटी है। खबर पाकर घर पहुंचे वंदना के परिजन चार माह की मासूम को देखकर फफक-फफक कर रोए। वंदना के अचानक कुएं में कूदकर आत्महत्या करने की सुनकर सभी हैरान हैं। बताया गया है कि वंदना का पति मध्य प्रदेश के सागर में काम करता है।