संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। ग्राम बमनुआं में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के लोगों में बीच सड़क पर विवाद हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्राम बमनुआं निवासी संजीव कुशवाहा ने टहरौली थाना में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि शुक्रवार की सुबह तकरीबन नौ बजे उसका भतीजा ध्रुव सिंह टहरौली की ओर जा रहा था। इसी दरम्यान गुरसराय मुख्य सड़क पर बमनुआं पेट्रोल पंप के पास उसे बलपूर्वक रोक लिया गया। इसके बाद क्षेत्र के ही निवासी धनीराम, माधव सिंह, मानवेंद्र सिंह, द्रोपती आदि ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट कर दी। जानकारी मिलने पर वह अपने पिता हरिओम व मां पार्वती देवी के साथ भतीजे के साथ बचाने लिए पहुंचा तो विपक्षियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने एक अप्रैल को पिता हरिओम के साथ भी मारपीट की थी, जिसका मुकदमा थाने में पंजीकृत है।
वहीं, दूसरे पक्ष के माधव ने तहरीर देकर बताया कि जब वह मोटरसाइकिल चलाकर अपने घर की ओर जा रहा था तभी बमनुआं निवासी ध्रुव, हरिओम व संजीव ने सड़क पर रोककर उसके तथा साथ में सवार मानवेंद्र की पिटाई कर दी। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।