सौतेले पिता ने किशोरी के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मऊरानीपुर (झांसी)। थाना लहचूरा क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय सौतेली पुत्री के साथ पिता ने दुष्कर्म किया। उसने घटना के बारे में अपनी चाची को बताया। चाची ने समाज के मुखिया को घटना के बारे में बताया। गांव में पंचायत बुलाकर आरोपी को पकड़ लिया गया। बाद में पुलिस को बुलाकर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया। घटना से गांववालों में काफी रोष है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक गांव निवासी ग्रामीण की शादी बारह साल पहले बेतवा के पास एक गांव में हुई थी। महिला के साथ उसकी डेढ़ साल की बेटी भी साथ आई थी। सात-आठ साल पहले लड़की की मां का निधन हो गया। इसके बाद किशोरी अपने सौतेले पिता और चाचा-चाची के साथ रहती थी। उसका आरोपी पिता मजदूरी करता है। गत दिनों उसने अपनी सौतेली पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घटना के बारे में अपनी चाची को बताया। चाची ने समाज के मुखिया के पास जाकर पूरी घटना बताई। इसके बाद मुखिया ने पंचायत बुलाकर आरोपी को बुलाया। पंचायत में आरोपी को पकड़ कर पीटा गया। इसके बाद पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया गया। चाची की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर उसकी डॉक्टरी करवाई।