गरौठा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का रिकार्ड शानदार रहा है। यहां से पार्टी ने अब तक पांच चुनाव लड़े हैं, इनमें से तीन में जीत दर्ज की है। इसके अलावा पार्टी दो चुनावों में मुख्य मुकाबले तक पहुंची है।
गठन के बाद समाजवादी पार्टी ने गरौठा से पहला चुनाव 1993 में लड़ा था। यहां से चंद्रपाल सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया गया था। पार्टी जीत तो नहीं पाई थी, परंतु पहले ही चुनाव में मुख्य मुकाबले में पहुंच गई थी। जीत रंजीत सिंह जूदेव के खाते में गई थी, लेकिन उन्हें चंद्रपाल सिंह से कड़ी टक्कर मिली थी। कांग्रेस को 47,154 और सपा को 46,434 वोट हासिल हुए थे।
इसके बाद 1996 में हुए चुनाव में सपा ने एक बार फिर चंद्रपाल सिंह यादव पर भरोसा जताया था। इस चुनाव में सपा ने यह सीट करीबी मुकाबले में कांग्रेस के हाथ से छीन ली थी। सपा को 58,756 और कांग्रेस के रंजीत सिंह को 57,478 वोट हासिल हुए थे। लेकिन, 2002 के चुनाव में सपा जीत का क्रम नहीं दोहरा पाई। इस चुनाव में बसपा ने पहली बार यहां से जीत हासिल की। 59,724 मतों के साथ बसपा के बृजेंद्र व्यास विधानसभा में पहुंचे। जबकि, सपा के चंद्रपाल सिंह यादव को 46,299 वोट हासिल हुए।
2007 के चुनाव में सपा एक बार फिर यहां परचम फहराने में कामयाब हो गई। सपा के दीपनारायण सिंह यादव ने 57,981 वोट हासिल किए। जबकि, कांग्रेस के जूदेव को 45,360 वोट मिले। 2012 के चुनाव में समाजवादी पार्टी अपनी जीत का क्रम दोहराने में कामयाब रही। सपा के दीपनारायण सिंह यादव को 70,041 वोट मिले। 54,243 वोटों के साथ बसपा के देवेश कुमार पालीवाल दूसरे स्थान पर रहे।
लोकसभा में तीसरे स्थान पर रही थी सपा
लोकसभा चुनाव में गरौठा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी तीसरे स्थान पर रही थी। जबकि, पहले स्थान पर भाजपा रही थी। भाजपा को यहां से 95,702, बसपा को 45,954 और सपा को 45,019 वोट हासिल हुए थे। चौथे स्थान पर रही कांग्रेस को 10,659 वोट मिले थे। उल्लेखनीय है कि गरौठा विधानसभा सीट जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय क्षेत्र में आती है।
जीत की होगी हैट्रिक
गरौठा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का शुरू से ही अच्छा जनाधार रहा है। इस सरकार में गरौठा में सिंचाई के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। इसके अलावा अन्य विकास कार्य भी हुए हैं। इससे सपा के प्रति जनता का विश्वास और गहरा हुआ है। इस बार पार्टी यहां से जीत की हैट्रिक लगाएगी।
- छत्रपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष - सपा