झांसी। प्रयागराज बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में शिक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई गई है लेकिन इस संबंध में कई वित्तविहीन विद्यालय उदासीनता बरत रहे हैं। यह विद्यालय शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं कर रहे हैं। ऐसे में डीआईओएस ने सख्त चेतावनी देते हुए निर्देश जारी कर कहा कि विद्यालय शिक्षकों को संबंधित परीक्षा केंद्र के लिए कार्यमुक्त कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हैं। बोर्ड से मान्यता प्राप्त वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों की कक्ष निरीक्षक के रूप में ड्यूटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन लगाई है। विभाग के अनुसार परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों द्वारा यह अवगत कराया गया कि कुछ वित्तविहीन विद्यालय ऑनलाइन डयूटी वाले शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं कर रहे हैं। इस पर डीआईओएस कोमल यादव ने वित्तविहीन विद्यालयों को निर्देश जारी किए है कि तुरंत अपने विद्यालय के शिक्षकों को संबंधित परीक्षा केंद्र के लिए कार्यमुक्त करें, उन्होंने कहा है कि इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता पर विद्यालय के प्रबंधक व प्राचार्य पर कार्रवाई और मान्यता निरस्त संबंधी कार्रवाई भी होगी।