झांसी। मंगलवार को जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान शिथिलता सामने आने पर सहायक निदेशक रेशम का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। जबकि, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास भवन में आयोजित बैठक में डीएम ने रेशम विभाग द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों की जानकारी मांगी, लेकिन सहायक निदेशक रेशम एके राव ये जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने अग्रिम आदेशों तक वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़कों पर घूमते छुट्टा गोवंश पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल गोवंश गोआश्रय स्थलों में भेजे जाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को प्रधानमंत्री के झांसी आने का कार्यक्रम सुनिश्चित हुआ है। सभी विभाग अपनी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें पूरा कर लें।
इस मौके पर सीडीओ शैलेष कुमार, डीएफओ वीके मिश्रा, डीडीओ सुनील कुमार, परियोजना निदेशक उपेंद्र प्रसाद पाल, डीपीआरओ जेआर गौतम आदि मौजूद रहे।