झांसी। परिवहन विभाग ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। सोमवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने लंबे समय से बिना सूचना के छुट्टी करने और लापरवाही बरतने वाले दो संविदा परिचालकों की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया है।
बता दें झांसी डिपो की रोडवेज बसों में परिचालकों का पहले से ही टोटा है। कुल 190 परिचालक हैं। जबकि मानक के अनुसार 303 परिचालक होने चाहिए। पिछले दिनों झांसी डिपो की 140 रोडवेज की बसों में 77 बसें लगातार एक महीने तक चुनाव ड्यूटी में लगी रहीं। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन झांसी डिपो प्रबंधन लगातार यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए कई रूटों को बदलकर अपना काम करता रहा। उधर, चुनाव ड्यूटी खत्म होने के बाद चालक और परिचालकों ने छुट्टियां लेनी शुरू कर दीं, इससे कई बसें लगातार कई दिनों तक डिपो में खड़ी - खड़ी धूल फांकने लगीं।
इससे पिछले कई दिनों से घाटा उठा रहे रोडवेज प्रबंधन ने दोनों संविदा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज प्रियम श्रीवास्तव ने बताया कि समय से ड्यूटी न करने वाले और लंबे समय से लापरवाही बरतने पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही अन्य ऐसे गैर जिम्मेदार चालक और परिचालकों की भी सूची तैयार की जा रही है।