झांसी। जिले के 17 केंद्रों पर शुक्रवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल पंजीकृत 7262 अभ्यर्थियों में से 835 ने परीक्षा छोड़ दी। कुल 6427 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। इन लोगों के अनुसार प्रश्नपत्र काफी आसान रहे। परीक्षा के दौरान जहां सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया वहीं अभ्यर्थियों को सुरक्षा के लिहाज से कोविड किट भी प्रदान की गई। परीक्षा में कोरोना से संबंधित प्रश्नों के अलावा संविधान और ओलंपिक से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए।
राजकीय इंटर कालेज में परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा में पूछे गए प्रश्न आसान होने के साथ-साथ स्तरीय रहे। नोडल समन्वयक प्रो. सुनील कुमार काबिया ने बताया कि परीक्षा मे शुचिता बनाए रखने और नकल विहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर वॉयस रिकार्डिंग के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम से उनकी उपस्थिति दर्ज की गई। दो पालियों में आयोजित परीक्षाओं में पहली पाली में हुए प्रथम प्रश्न पत्र के दौरान कुल 6419 तथा दूसरी पाली में हुए द्वितीय प्रश्न पत्र में 6427 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
बोले अभ्यर्थी-
सामाजिक विषय से पूछे गए प्रश्न काफी आसान रहे। ज्यादातर प्रश्न आधुनिक भारत के इतिहास से संबंधित रहे। इसके अंतर्गत गांधी जी के नमक सत्याग्रह यात्रा से संबंधित काफी आसान रहा। - रमन
कोविड से संबंधित कोविड का पहला मरीज कहां पाया गया, इसे कैसे चिह्नित किया गया, कोविड का पहला एप कौन सा है। ओलंपिक में पदक प्राप्त करने वाली पहली महिला कौन थी जैसे प्रश्न पूछे गए। - राहुल मिश्रा
कृषि विज्ञान क्षेत्र से संबंधित पूछे गए प्रश्न काफी आसान रहे। एक प्रश्न का जिक्र करते हुए बताया कि कपास की खेती के लिए कौन सी मिट्टी इस्तेमाल की जाती है जैसे प्रश्न काफी आसान थे। - किरन अहिरवार ----
विज्ञान से संबंधित पूछे गए प्रश्न रेडियो की खोज किसने की थी जैसे प्रश्न काफी आसान रहे। भारतीय संविधान से पूछे गए अधिकांश प्रश्न ऐसे रहे जिसका उत्तर आसानी से दिया जा सकता था। - समीना बानो