झांसी। शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें उन्होंने क्षेत्र से जुड़ीं विभिन्न समस्याएं उठाईं। जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सबसे ज्यादा सवाल खड़े किए।
सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शासन की मंशा पर पलीता लगा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पाइप लाइन, केबिल आदि डालने के लिए नगर की सड़कों को बार-बार खोदा जा रहा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही राजस्व का भी नुकसान होता है। विभाग समन्वय के साथ काम करें। बबीना विधायक राजीव पारीक्षा ने क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर नाराजगी जताई। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि ग्राम बिजना में चार दिन से ट्रांसफार्मर खराब है। बात करने पर भी विभागीय अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहे हैं। गरौठा विधायक ने कहा कि बिजली बाधित होने से जलापूर्ति बाधित हो जाती है। अनावश्यक रूप से बिजली कटौती भी की जा रही है।
इस मौके पर एमएलसी रमा निरंजन, मऊरानीपुर विधायक डा. रश्मि आर्य, एसएसपी शिवहरी मीना, सीडीओ शैलेष कुमार, एडीएम संजय पांडेय आदि समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पौधरोपण का लक्ष्य हासिल करने को तेजी से करें काम
झांसी। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला गंगा समिति, पर्यावरण समिति व वृक्षारोपण समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने वृक्षारोपण की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। बताया गया कि जनपद में 45.66 लाख पौधरोपण का लक्ष्य है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी विभाग तेजी से काम करें। जिले की सभी 496 ग्राम पंचायतों में अमृत वन उद्यान बनाए जाएंगे। हर गांव में गंगा वन भी बनेंगे। लक्ष्य के सापेक्ष गड्ढों की खुदाई सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर सीडीओ शैलेष कुमार, एडीएम एके सिंह, एसडीओ एमपी गौतम, विनोद कुमार, कृषि अधिकारी केके सिंह आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
कल 36 केंद्रों पर होगी पीसीएस की परीक्षा
झांसी। रविवार को होने वाली पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विकास भवन में बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षार्थी समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा से 10 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश बंद हो जाएगा। नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा प्रशासन की प्राथमिकता पर है। केंद्रों में सीसीटीवी व वॉइस रिकॉर्डर लगाना जरूरी है। परीक्षा कोविड गाइडलाइन के अनुसार होगी। परीक्षा दो पाली सुबह 9.30 से 11.30 तथा दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। परीक्षा में 16,410 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस मौके पर एडीएम एके सिंह, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, डीआईओएस कोमल सिंह यादव आदि मौजूद रहे। ब्यूरो