झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने आदेश दिया है कि अब दुपहिया पर बिना हेलमेट पहने पुलिस कार्यालयों, पुलिस लाइन और थाना परिसरों में आने वाले पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया जाएगा। उधर चेकिंग अभियान बंद होने के कारण दोपहिया वाहन चलाने वाले ज्यादातर लोग हेलमेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। पुलिस के डर से कुछ लोग हेलमेट लेकर चल तो रहे हैं, मगर पहन नहीं रहे हैं।
यूपी केबिनेट का फैसला आने के बाद यातायात पुलिस ने हेलमेट को लेकर सघन अभियान चलाया। सफलता को देख एसएसपी ने थानों की पुलिस को सघन चेकिंग के आदेश दिए। यही नहीं, पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन और थानों के परिसरों को हेलमेट जोन घोषित कर दिया। शनिवार को एसएसपी ने आदेश जारी कर दिया कि अब यदि तीनों स्थानों पर कोई पुलिस कर्मी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से प्रवेश करेगा तो उसे निलंबित कर दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि शीघ्र ही बड़े पैमाने पर फिर नियमित अभियान चलाया जाएगा। इस बार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वह खुद पूरे अभियान पर नजर रखेंगे। ट्रैफिक पुलिस के अलावा थाना पुलिस भी चेकिंग करेगी। उधर, हेलमेट पहनो अभियान ठंडा पड़ने के बाद अब फिर लोग पुराने ढर्रे पर चलने लगे हैं। कुछ लोग पुलिस के डर की वजह से हेलमेट लेकर चल तो रहे हैं मगर लगा नहीं रहे। कोई हेलमेट को वाहन के पीछे बांध लेता तो हैंडिल पर लटका लेता है।