झांसी। प्रधानमंत्री मोदी 19 नवंबर को झांसी-बबीना तीसरी लाइन और खजुराहो-महोबा के मध्य सिंगल ट्रैक पर बिजली (ओएचई) लाइन डालने के पूरे हो चुके कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए रेल प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है।
प्रधानमंत्री मोदी 19 नवंबर को झांसी आ रहे हैं। इस दौरान वह किले में फसाड लाइट के कार्य, किले में पर्यटकों के लिए आधुनिक लाइट एंड साउंड सुविधा, अटल एकता पार्क, ललितपुर के महरौनी में रोहिणी जामनी एवं सजनम नहर प्रणालियों पर पुर्नस्थापना कार्य, भवानी बांध परियोजना व जालौन के माधौगढ़ में बनाए गए 132 केवीए सबस्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत पूरे हो चुके झांसी से बबीना के बीच तीसरी रेल लाइन, खजुराहो-महोबा के बीच सिंगल ट्रैक पर बिजली (ओएचई) लाइन डालने के काम भी लोकार्पण करेंगे। झांसी बबीना तीसरी रेल लाइन का काम 30 जुलाई 2021 व खजुराहो महोबा के बीच बिजली लाइन डालने का काम सात अगस्त 2021 को पूरा कर लिया गया था। इन पर क्रमश: 389 करोड़ और 50 करोड़ का खर्च आया था।