झांसी। पुलिस के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (पीटीआई) के भाई को बीती रात पुलिस कॉलोनी में घर में सोते समय सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मूल रूप से पुखरायां के निवासी पीटीआई सर्वेश घरैया लाइन में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके साथ उनका छोटा भाई धीरज (25) भी रहता था, जो एक हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार - शनिवार की रात सभी घर में सो रहे थे। इसी दरम्यान तकरीबन साढ़े बारह बजे धीरज को गर्दन पर किसी कीड़े के काटने का अहसास हुआ, जिससे उसकी आंख खुल गई। आसपास नजर दौड़ाने पर एक सांप जाता हुआ दिखाई दिया। इसकी जानकारी धीरज ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी दी। जानकारी होने पर टॉर्च और डंडे लेकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। धीरज को आनन-फानन में इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उसकी हालत में सुधार न होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर ले जाते समय शनिवार को उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।