अटल एकता पार्क का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां अटल एकता पार्क का लोकार्पण करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस पार्क के निर्माण पर झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की है। प्रधानमंत्री महानगर के लोगों को एक नए पार्क की सौगात देंगे। इलाइट-सीपरी रोड पर स्थित प्रदर्शनी मैदान में जेडीए द्वारा बनाए गए अटल एकता पार्क का वे लोकार्पण करेंगे। विदित हो कि पार्क तीन महीने पहले बनकर तैयार हो गया था। लेकिन, लोकार्पण के इंतजार में ये आम जनमानस के लिए नहीं खोला गया था।
किले के मैदान में पहुंची 42 किमी की दूरी तक वार करने वाली दुनिया की पहली तोप
रानी की जयंती पर 19 नवंबर को किले के मैदान में आयोजित सेना के राष्ट्र रक्षा पर्व कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में निर्मित सेना के हथियारों का अवलोकन भी करेंगे। इसके लिए यहां मिसाइल, तोप व अन्य हथियारों का आना शुरू हो गया है। इनमें स्वदेशी रक्षा कंपनियों के सहयोग से डीआरडीओ द्वारा हाल ही में विकसित एक तोप एडवांस टोड अर्टिलरी गन सिस्टम (एटीएजीएस) भी है, जो 42 किलोमीटर दूर स्थित टारगेट पर निशाना साधने में सक्षम है। बताया गया है कि ये सबसे अधिक दूरी तक वार करने वाली दुनिया की पहली तोप है। इसका पोखरण में सफल परीक्षण किया जा चुका है। इसके अलावा स्वदेश निर्मित अन्य हथियार व मिसाइलों का भी प्रधानमंत्री अवलोकन करेंगे।
किले में डिजिटल एंड लाइट शो भी देखेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम पांच बजे यहां पहुंचेंगे और इसके बाद वे सीधे किले में जाएंगे। किले में पीएम उस स्थान पर भी जाएंगे, जहां 1857 के संग्राम के दौरान रानी ने अपने घोड़े पर सवार होकर छलांग लगाई थी। इसके अलावा पीएम किले के आमोद उद्यान में शुरू हो रहे डिजिटल लाइट एंड साउंड शो को भी देखेंगे। इसके लिए किले में तैयारियां तेजी से जारी हैं। सुरक्षा एजेंसियां किले का चप्पा-चप्पा खंगालने में जुटी हुईं हैं। पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार से किले में पर्यटकों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। पीएम के दौरे के बाद शनिवार से किला पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
मंच पर सिर्फ आठ लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी
रानी की जयंती पर झांसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किले के मैदान में 600 वर्गफुट का मंच तैयार किया जा रहा है, जिस पर सिर्फ आठ लोगों के ही बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के सामने मैदान पर प्लाईवुड का फर्श तैयार किया जा रहा है।
यहां मैदान में किले की झंडे वाली बुर्ज के नीचे 20 गुणा 30 फुट का प्रधानमंत्री का मंच तैयार किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई चार फुट होगी। मंच पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल के अलावा पांच लोग और मौजूद रहेंगे। इसकी जानकारी पीएमओ से आना अभी बाकी है। मंच के पीछे किले का भव्य स्वरूप व बुर्ज पर लहराता हुआ तिरंगा झंडा नजर आएगा। जबकि, सामने मैदान में 750 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए मैदान में प्लाईवुड का फ्लोर तैयार किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर काम दिन-रात जारी है।
महोबा डीएम ने सिंचाई विभाग को 1,600 बसें लगाने का दिया निर्देश
झांसी पहुंच रहे प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में लोगों को जुटाने के लिए महोबा के जिला अधिकारी ने सिंचाई विभाग को 1,600 बसें लगाने का निर्देश दिया है।