pm modi public meeting in bhojla mandi
झांसी। बुंदेलखंड की धरती पर 24 अप्रैल को होने जा रहे पंचायतीराज दिवस की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पीएमओ से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अनुमति मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल की जमीन की तलाश का काम शुरू कर दिया है। माना जा रहा है भोजला मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। 24 फरवरी को पंचायतीराज विभाग के संयुक्त सचिव समेत प्रदेश के डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने झांसी पहुंचेंगे।
पंचायतीराज विभाग की ओर से 24 अप्रैल को पंचायतीराज दिवस मनाया जाता है। इसे झांसी में राष्ट्रीय स्तर पर मनाने के लिए पीएमओ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम पर मुहर लगा दी गई है। प्रशासन भी पीएमओ से अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल के लिए जमीन की तलाश में जुट गया है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए भोजला मंडी को उपयुक्त माना है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 100 एकड़ में बनी मंडी के परिसर में कार्यक्रम होने से शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी। इसके लिए 24 फरवरी को पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव और लखनऊ से पंचायतीराज निदेशक और उपनिदेशक झांसी पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने भी कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभागों के साथ बैठक कर कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा शुरू कर दी गई है। डीपीआरओ जगदीश राम गौतम ने बताया कि पीएम के कार्यक्रम को लेकर संयुक्त सचिव समेत तमाम अधिकारियों की टीम आ रही है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद कार्यक्रम स्थल का चयन किया जाएगा।
----------
पहले भी हो चुकी जनसभा
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री की पहले हुई जनसभाएं भी भोजला मंडी में हुई हैं। यहां हैलीपैड की व्यवस्था भी है। साथ ही शहर से थोड़ा दूर होने से व्यवस्था बनाने में प्रशासन को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। इसे लेकर भोजला मंडी को सही स्थान माना जा रहा है।