झांसी। महानगर की सारंध्रा कालोनी और पीतांबरा नगर के दिन जल्द बहुरेंगे। बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहीं दोनों कॉलोनियों को नगर निगम के हैंडओवर करने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को नगर निगम और जेडीए के अधिकारियों ने कालोनियों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने कालोनियों का सर्वे कराने की बात कही।
महानगर में झांसी विकास प्राधिकरण ने सारंध्रा कालोनी और पीतांबरा नगर आवासीय कालोनी विकसित की हैं। इन कालोनियों में सड़क, पानी की निकासी और सफाई समेत तमाम बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसे लेकर लोग आए दिन शिकायत करते हैं। झांसी विकास प्राधिकरण ने पहले भी कालोनियों को नगर निगम के हैंडओवर करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन बुनियादी सुविधाएं अधूरी होने से निगम ने हाथ खींच लिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अवनीश राय ने कहा कि दोनों कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं के बारे में सर्वे कराया जाएगा। इसका आगणन नगर निगम बनाकर जेडीए को देगा। काम जेडीए कराएगा। अन्यथा जेडीए निगम को भुगतान कर देगा तो नगर निगम विकास कार्य करा सकता है। इस दौरान जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित, जेडीए सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत मौजूद रहे।