झांसी। जिले में वैक्सीन की उपलब्धता न होने के चलते बुधवार को भी टीकाकरण ठप रहा। महानगर के 34 केंद्रों पर टीकाकरण न होने से लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इस दौरान लोग स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। हालांकि पांच केंद्रों पर को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई।
वैक्सीन की लगातार हो रही कमी से टीकाकरण अभियान पूरी तरह से ठप हो गया है। बुधवार को वैक्सीनेशन के लिए बने 34 केंद्रों में से किसी पर भी टीकाकरण नहीं हो सका है। जिससे केंद्रों पर आए हजारों लोगों को वापस लौटना पड़ा। हालांकि मंगलवार रात को विभाग को कोवैक्सीन की चार हजार डोज मुहैया कराई गई थी। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक कॉलेज और सीएचसी मऊरानीपुर सहित कुल पांच केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई गई। जिले के अधिकांश केंद्रों पर वैक्सीन नहीं होने की सूचना को चस्पा किया गया था। ऐसे में सेंटरों पर पहली डोज लगवाने के लिए पहुंचे हजारों लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा है।
कोवीशिल्ड की 3600 डोज आई, 11 केंद्रों पर पहली, तीन पर लगेगी दूसरी डोज
स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई 3600 कोवीशील्ड वैक्सीन की डोज बुधवार शाम तक झांसी पहुंच गई। वृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव, चांद दरवाजा, इमलीपुरा, इतवारी गंज, झोकनबाग, पुलिया नंबर नौ, राजघाट कॉलोनी, तालपुरा, तहसील व सिद्देश्वर नगर सहित 11 केंद्रों पर पहली डोज लगाई जाएगी। जबकि, मेडिकल कॉलेज, प्रेमनगर व सीपरी स्वास्थ्य केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई जाएगी।
बड़ी उम्मीद के साथ वैक्सीन लगवाने के लिए आए थे लेकिन यहां पर वैक्सीन उपलब्ध ही नहीं है। जिसके चलते वापस लौटना पड़ रहा है।
तौसीफ, मिशन कंपाउंड
पहली डोज तो लग गई थी। अब दूसरी डोज लगवाने के लिए नई बस्ती स्थित केंद्र पर आए हैं। यहां वैक्सीन नहीं है। कड़ी धूप में वापस जाना पड़ रहा है।
मंजू देवी, नई बस्ती
सरकार वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। लेकिन केंद्रों पर वैक्सीन ही नहीं है। ऐसे में वैक्सीन लगवाने वाले लोग मायूस होकर लौट रहे हैं।
अनीता अग्रवाल, चांद दरवाजा
काफी दूर से जिला अस्पताल मेें कोरोना से बचने की वैक्सीन को लगवाने के लिए आए हैं। यहां आकर मालूम हुआ है कि कई दिनों से वैक्सीन नहीं है।
मनोज, बड़ा बाजार
काफी दिनों से वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन हर बार ही निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वैक्सीन की उपलब्धता निरंतर होना आवश्यक है।
मंजू, नझाई बाजार
वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के लिए तीन दिन से लगातार केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन वैक्सीन अभी तक नहीं लग सकी है।
चित्रा, इतवारी गंज