झांसी। सोमवार की सुबह रक्सा थाना इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बाइक पर चार लोग सवार होकर जा रहे थे, इसी बीच पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से हादसा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि घायलों का मेडिकल में इलाज जारी है।
रक्सा के ग्राम डोंगरी निवासी मोहर सिंह सोमवार की सुबह करौंदी माता मंदिर के पास जमीन पर उगीं झाड़ियों की सफाई के लिए गांव से तीन मजदूरों को लेकर जा रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे। गाड़ी मोहर सिंह चला रहे थे, जबकि सबसे पीछे फूलचंद्र बैठा हुआ था। गणेश और संजू बीच में बैठे हुए थे। जैसे ही वे सुजवाहा तिराहे से पहले झांसी-ललितपुर हाईवे पर पहुंचे, इसी दरम्यान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक कानपुर हाईवे की ओर भाग गया। ट्रक की टक्कर से तीनों छिटक कर सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। रास्ते में फूलचंद्र (25) की मौत हो गई। बता दें कि चारों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके अलावा वे अपने साथ कुल्हाड़ी व अन्य सामान भी लिए हुए थे।
तीन साल पहले हुई थी शादी
झांसी। सड़क दुर्घटना में मारे गए फूलचंद्र की तीन साल पहले शादी हुई थी। उसके एक साल का एक बेटा अमर सिंह है। सूचना मिलने पर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पति के शव को देखकर पत्नी बेसुध हो गई। अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। फूलचंद्र के पिता दिलीप व मां सावित्री की मौत हो चुकी है। तीन भाइयों में फूलचंद्र दूसरे नंबर का था। उसकी दो बहनें भी हैं।