झांसी। करीब तीन महीने के लंबे इतंजार के बाद नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को होने जा रही है। बैठक का एजेंडा तय हो गया है हालांकि एजेंडा के अलावा पार्षदों ने दूसरे मामलों में निगम अफसरों को घेरने की तैयारी की हुई है। इनमें जनकार्य विभाग की ओर से कोटेशन पर तमाम काम कराने के अलावा, यूजर चार्ज के तौर पर 125 रुपये की वसूली एवं निगम की जमीन में गड़बड़ी किए जाने के मामले शामिल हैं।
कार्यकारिणी की दोपहर ग्यारह बजे से बैठक आरंभ होगी। पिछली कार्यकारिणी बैठक बजट पारित कराने के लिए बुलाई गई थी। उसमें तमाम सारे मुद्दे शामिल नहीं हो सके थे। इसके बाद से पार्षद इन मुद्दों को उठाने के लिए बेचैन थे। बैठक बुलाने के लिए पार्षदों ने कई बार अलग-अलग महापौर से मांग की। जब बात नहीं बनी तब पिछले दिनों बारह में दस कार्यकारिणी सदस्यों ने महापौर को ज्ञापन सौंपा। उसके बाद जाकर यह बैठक बुलाई जा रही है। कार्यकारिणी पार्षदों ने बैठक को लेकर रणनीति भी तय कर ली है। पार्षदों का कहना है कि पिछली बैठक के दौरान कई प्रस्ताव पारित हुए लेकिन, कार्य नहीं हुए। इसके अलावा तमाम सारे कार्य सिर्फ कोटेशन के आधार पर करा लिए गए। नगर निगम की जमीन में भी धांधली की जा रही है।