झांसी। छात्रवृत्ति की मांग को लेकर एनएसयूआई ने जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि ज्यादातर विद्यार्थियों के कागज पूर्णता ठीक हैं। उन्हें अग्रेषित भी किया गया है लेकिन उनकी शुल्क प्रतिपूर्ति और न ही छात्रवृत्ति आई है। ऐसे में अधिकारियों से शासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त फंड मांगने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 30 प्रतिशत छात्र-छात्राओं के फॉर्म में कॉलेज की फीस को लेकर त्रुटियां हैं। फीस के मास्टर डाटा का अप्रूवल समाज कल्याण अधिकारी देते हैं। ऐसे में बिना जांच किए कॉलेज सिर्फ ट्यूशन फीस अंकित करते हैं। शुल्क प्रतिपूर्ति में जब छात्र अपनी फीस अंकित करता है तो वह रसीद से फीस भरता है जो कॉलेज की फीस के मास्टर डाटा से मैच नहीं करता।
एनएसयूआई की मांग है कि ऐसे सभी शिक्षण संस्थानों को चिह्नित कर ब्लैक लिस्टेड किया जाए। बुंदेलखंड इकाई अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, प्रदेश महासचिव रशि साहू, जीशान रजा, योगेंद्र तिवारी, रमाकांत वर्मा, भारतेंद्र तिवारी, सचिव श्रीवास, प्रांजल जायसवाल, रवि यादव मौजूद रहे।