झांसी। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट की सुविधा को तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। इस बार बड़े स्टेशनों पर एक टिकट की कीमत 30 रुपये व छोटे स्टेशनों पर 10 रुपये अदा करनी होगी।
कोरोना काल में 20 मार्च 2020 से नियमित ट्रेनों का संचालन बंद चल रहा है। वर्तमान में नियमित ट्रेनों को ही स्पेशल बनाकर चलाया जा रहा है। इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट वाले मुसाफिरों को ही सफर करने की अनुमति दी जा रही है। कोरोना काल के शुरूआत में प्लेटफार्म टिकट की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दी गई थी, ताकि बहुत आवश्यकता पर ही लोग प्लेटफार्म के अंदर जाए। मगर बाद में यह सुविधा भी बंद कर दी गई।
शुक्रवार से दोबारा प्लेटफार्म टिकट की सुविधा शुरू कर दी गई। मंडल के झांसी, ग्वालियर, बांदा, मुरैना, ललितपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, उरई व महोबा स्टेशन पर एक प्लेटफार्म टिकट की कीमत 30 रुपये रखी गई है। जबकि मंडल के अन्य सभी स्टेशनों पर दस रुपये अदा करने होंगे।