झांसी के थाना प्रेमनगर के हंसारी इलाके के बजरंग मोहल्ला में पैसों के विवाद में एक युवक ने मां-बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हत्यारा मौके से फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
थोड़ी देर में एसएसपी शिवहरि मीना, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, सीओ सदर अरुण चौरसिया समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने भी खुद घटना स्थल का जायजा लिया। मौके पर डॉग स्क्वायड एवं फोरेंसिक टीम भी बुलवा ली गई। हत्यारे की धरपकड़ के लिए पांच टीम लगाई गई है।
चंदन राठौर (45) पत्नी मीना मां कलावती (68) एवं पुत्री शिवानी के साथ बजरंग मोहल्ले में रहता था।। पुलिस का कहना है कि चंदन ग्वालियर स्थित एक सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता था।। उसी के साथ थाना बबीना के घिसौली गांव निवासी जर्नादन उर्फ कन्नू (29) भी काम करता था। कुछ समय पहले जनार्जन ने चंदन के खाते से रुपये निकाल लिए थे। इसको लेकर चंदन और जर्नादन के बीच मुकदमेबाजी चल रही है।
बताया जा रहा है कि मुकदमा वापस लेने के लिए जनार्दन काफी दिन से चंदन के पीछे पड़ा था। सोमवार को भी इसी को लेकर विवाद हो गया। जनार्दन ने कुल्हाड़ी से चंदन पर कई प्रहार कर दिए। चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव के लिए उसकी मां कलावती आगे आई। जर्नादन ने उसको भी कुल्हाड़ी से मारकर फरार हो गया।