झांसी। थाना रक्सा के झांसी-शिवपुरी हाईवे पर डगरवाहा गांव के पास एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने ओवर टेक करने के चक्कर में एक किसान को कुचल दिया। किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
रक्सा पुलिस के मुताबिक सुबह डगरवाह गांव निवासी दातार सिंह (48) खेत की सिंचाईं करके हाईवे के रास्ते पैदल घर जा रहा था। उसी दौरान एक बस को ओवर टेक करने के चक्कर में तेज रफ्तार मिनी ट्रक उसके करीब से गुजरी। चालक वाहन का संतुलन नहीं बना सका और पैदल जा रहे दातार सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की चपेट में आते ही दातार सिंह बुरी तरह घायल होकर वहीं सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। थोड़ी देर में रक्सा पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर चोट लग जाने से दातार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पहचान करके परिजनों को भी सूचित कर दिया। थोड़ी देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों के बीच कोहराम मच गया। चार भाईयों में दातार सिंह सबसे छोटा था। अपने पीछे पत्नी गायत्री के अलावा पुत्र निखिल, पुत्री निकिता को छोड़ गए। देर-शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, रक्सा पुलिस ने मिनी ट्रक को सीज करके थाने पहुंचा दिया है।