झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में बजट खत्म हो जाने से ऑक्सीजन का 40 लाख रुपये बकाया हो गया है। कंपनियां लगातार कॉलेज प्रशासन पर बकाया का भुगतान करने का दबाव बना रहीं हैं। वहीं, कॉलेज ने शासन से पैसा मांगा है।
मेडिकल कॉलेज को शासन की तरफ से मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए औषधि एवं रसायन मद में 14 करोड़ रुपये बजट भेजा गया था। इससे दवाएं, केमिकल और ऑक्सीजन की खरीद की गई। ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी को पहले तो हर महीने भुगतान किया जाता रहा मगर दिसंबर के बाद कोई पैसा नहीं दिया गया। जनवरी से अब तक मेडिकल कॉलेज पर ऑक्सीजन की सप्लाई करने वाली कंपनियों का 40 लाख रुपये का बकाया हो गया है। कंपनियों की तरफ से लगातार कॉलेज प्रशासन को भुगतान के संबंध में रिमाइंडर दिया जा चुका है। सीएमएस डॉ. हरीशचंद्र आर्या ने बताया कि शासन को पत्र लिखकर बजट की मांगा गया है। जैसे ही पैसा मिल जाएगा, वैसे ही भुगतान कर दिया जाएगा।