झांसी। श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में शनिवार को वार्षिक शिविर का शुभारंभ हुआ। इसमें प्रशिक्षकों ने मल्लखंभ व अन्य भारतीय व्यायामों के साथ जिम्नास्ट का भी बच्चों को प्रशिक्षण दिया। यह कैंप 24 अक्तूबर तक चलेगा।
शिविर का शुभारंभ बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री प्रभात कुमार सक्सेना ने किया। हनुमान जी, श्री कृष्ण गणेश खानवलकर अन्ना जी व पूर्व प्राचार्य सीताराम गुप्त जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया गया। इस मौके पर महामंत्री गजानन खानवलकर ने बताया कि शिविर में लगभग पचास बच्चे हिस्सा ले रहे है। प्रशिक्षण निशुल्क है। प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को संस्था की ओर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। शुभारंभ के बाद छात्र छात्राओं को प्रशिक्षकों ने मल्लखंभ व जिमनास्ट की बारीकियां समझायी। इस अवसर पर मुख्य शिक्षक प्रमोद सिकौरिया, अरविंद ओझा, सालिगराम राय, देवी सिंह कुशवाहा, कामिनी कुशवाहा, सोनू श्रीवास, काजल कुशवाहा, ज्ञान सिंह, वीरेंद्र तिवारी, रघुवीर शरण रावत आदि मौजूद रहे।