झांसी। बुंदेलखंड के खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग की कौशल विकास योजनाओं से जुड़े सैकड़ों लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपकरणों का वितरण किया गया। इसमें प्रशिक्षित लाभार्थियों को विद्युत चलित चाक, मधुमक्खी के बक्से और अगरबत्ती बनाने की मशीन वितरित की गई।
पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा, केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मशीनें ग्रामीण कारीगरों की आजीविका का साधन साबित होंगी। सरकार पीएमईजीपी, हनी मिशन और कुम्हार सशक्तिकरण जैसी योजनाओं को लागू कर रोजगार सृजन में तेजी ला रही है। अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि बुंदेलखंड खादी ग्रामोद्योग आयाग की प्राथमिकता पर है। ताकि यहां के किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए स्वरोजगार पैदा हों। पिछले 3 वर्षों में 300 से अधिक कुम्हार परिवारों को सशक्त किया है।
कार्यक्रम में 200 मधुमक्खी पालन के लिए बक्से, 100 विद्युत चालित चाक और 50 अगरबत्ती बनाने वाली मशीनों का वितरण किया गया। लाभार्थियों को इन मशीनों पर कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया।