कानपुर डबल ट्रैक पर 49 किलोमीटर का और खुलेगा रास्ता, तेजी से दौड़ेंगी ट्रेनें
झांसी। रेलवे ने झांसी- कानपुर डबल ट्रैक पर 49 किलोमीटर और रेल लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है। यह लाइन नंदखास से मोंठ और भुआ से सरसोकी स्टेशनों के बीच बिछाई गई है। नई लाइन को चालू करने के लिए मुख्य संरक्षा आयुक्त को दस्तावेज भेज दिए हैं। उनके निरीक्षण के साथ ही यह नया ट्रैक दिसंबर से यातायात के लिए खुल जाएगा। इस ट्रैक के खुलने से और तेज गति से ट्रेनों का संचालन हो सकेगा।
झांसी-कानपुर डबल ट्रैक पर 206 किलोमीटर तक काम होना है। इसकी जिम्मेदारी रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) को सौंपी गई है। अभी तक 87 किलोमीटर ट्रैक का काम ही पूरा हो सका है। पूर्व मेेें इसमें झांसी- पारीछा के बीच 24 किलोमीटर, पारीछा से नंदखास के बीच 19 और पिरौना- एट, भुआ स्टेशन के बीच 27 किलोमीटर व सरसोकी व उसरगांव तक डबल ट्रैक (17.585) रेल लाइन चालू हो चुकी है। आरवीएनएल अब दिसंबर 2021 तक नंदखास से मोंठ के बीच 32 किलोमीटर और भुआ से सरसोकी के बीच 17 किलोमीटर ट्रैक खोलने जा रहा है। रेल लाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है। डीआरएम संदीप माथुर ने बताया कि उक्त दोनों नए सेक्शन चालू करने के लिए मुख्य संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति मिलना बाकी रह गई है। नई लाइन पर उनका निरीक्षण हो सके, इसके लिए दस्तावेज भेज दिए गए हैं। दिसंबर तक यातायात चालू करने का लक्ष्य बनाया गया है।
अभी यह है दिक्कत
झांसी-कानपुर सिंगल रेलवे ट्रैक पर प्रतिदिन 40 से अधिक अप और डाउन की सवारी ट्रेनों का संचालन होता है। इतनी ही संख्या में मालगाड़ियां भी दौड़ती हैं। एक ट्रेन को निकालने में सामने आ रही दूसरी ट्रेन को नजदीक के रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ता है। इसका सीधा असर ट्रेनों के समय पालन पर पड़ता है।