झांसी के थाना सीपरी बाजार में हीरो होंडा एजेंसी के पास बाइक सवार दो बदमाश दपंती से दस लाख रुपयों के गहने और पचास हजार की नकदी लूट ले गए। लूट की सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। दंपती की तहरीर पर सीपरी बाजार पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीपरी बाजार के गोविंदपुरी निवासी सैय्यद अजीज ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पत्नी के साथ नगर निगम कंपाउंड स्थित अपने घर से गोविंदपुरी स्थित घर जा रहे थे। उनके पास बैग में सोने के गहने समेत करीब पचास हजार रुपये नकद थे। जैसे ही वह लोग हीरो होंडा एजेंसी के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने तमंचा दिखाकर उनको रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने पत्नी के हाथ से गहनों वाला बैग झपट लिया और फौजी चौराहा की ओर भाग निकले। थाना प्रभारी सुरेश कुमार के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
घरेलू कलह से परेशान पति ने फांसी लगाकर दी जान
झांसी में ही घरेलू कलह से परेशान होकर पति ने पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर जान दे दी। सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक पाल कॉलोनी निवासी अनिल प्रजापति (40) ट्रक ड्राइवर है। वह शराब पीने का आदी था। इस वजह से उसके घर में अक्सर गृह क्लेश होता था। पिछले महीने ही उसने नए ट्रक मालिक के यहां काम शुरू किया था लेकिन, शराब पीने की आदत उसकी नहीं छूट रही थी। मंगलवार शाम को घर में शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया। रात में जब सभी सोने चले गए, इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।