खेल निदेशालय व अमर उजाला द्वारा झांसी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय सीनियर महिला प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन गोरखपुर और लखनऊ मंडल की टीमों ने एकतरफा मुकाबले में अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित किया। वहीं प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी और आगरा की टीमों ने मुकाबले में जीत दर्ज की।
शनिवार को प्रतियोगिता का पहला मुकाबला लखनऊ और बस्ती मंडल की टीमों के बीच हुआ। लखनऊ ने बस्ती को 14-0 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला प्रयागराज व बरेली के मध्य खेला गया। जिसमें प्रयागराज ने बरेली को 2-0 से हराया। तीसरा मैच गोरखपुर व अलीगढ़ मंडल की टीमों के मध्य हुआ। एकतरफा मुकाबले में गोरखपुर ने अलीगढ़ को 12-0 से शिकस्त दी। मुरादाबाद व अयोध्या में बराबरी रही। दोनों टीमों ने एकृएक गोल किया।
प्रतियोगिता का अगला मुकाबला मिर्जापुर एवं मेरठ के बीच हुआ। मेरठ की टीम 4-0 से विजयी रही। एक अन्य मुकाबला झांसी और देवीपाटन मंडल की टीमों के बीच होना था। लेकिन देवीपाटन टीम के नहीं आने के कारण झांसी को विजयी घोषित कर दिया गया। बाराणसी और सहारनपुर के बीच हुए मुकाबले में वाराणसी 4-1 से विजयी रही। प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला आगरा एवं चित्रकूट मंडल की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में आगरा की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में सुनीता तिवारी, संतोष सिंह, तजम्मुल एच जैदी, रश्मि सिंह, रूपेंद्र सिंह, जावेद खान, सैयद अली, मधु एवं गौतम निर्णायक की भूमिका में रहे।