भाजपा पार्षद राजू साहू ने पैरवी ना मानने से नाराज होकर बिजली विभाग कार्यालय में घुसकर एक कर्मचारी को थप्पड़ रसीद कर दिए। कर्मचारी की पिटाई के बाद विद्युत कर्मियों में आक्रोश फैल गया। पार्षद के अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कर्मचारी की तहरीर पर सोमवार को सीपरी बाजार पुलिस ने पार्षद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित ने बताया कि भाजपा पार्षद राजू साहू के पड़ोस में रहने वाले राहुल रजक के घर की बिजली दो दिन पहले बकाया न चुकाने की वजह से काट दी गई थी। पार्षद ने कनेक्शन जोड़ने के लिए एसडीओ से पैरवी की थी।
पार्षद की पैरवी के बावजूद बिजली विभाग ने कनेक्शन जोड़ने से इनकार कर दिया। भाजपा पार्षद तैश में आ गए। अपने समर्थकों के साथ पहाड़िया स्थित विद्युत कार्यालय में पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान एक संविदाकर्मी को पार्षद ने थप्पड़ रसीद कर दिए। इसके बाद विद्युतकर्मियों ने हंगामा कर दिया।