झांसी। रेलवे स्टेशन की लाइन नंबर छह पर मालगाड़ी का एक कंटेनर पटरी से उतरने के मामले में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह कमेटी बृहस्पतिवार को घटनास्थल पर पटरी की नापतोल कर कारणों को जानने में जुटी रही। हालांकि, टीम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी।
रेलवे स्टेशन पर बुधवार की रात आठ बजे यार्ड में प्रवेश करते वक्त कंटेनर स्पेशल मालगाड़ी का एक पहिया पटरी से उतर गया था। पहिये की रगड़ से पांच जगह स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। पटरी बदलने के प्वाइंट के पास पटरी भी क्षतिग्रस्त हो गई। उक्त मामले की जांच के लिए अपर मंडल रेल प्रबंधक ने चार सदस्यीय समिति का गठन कर दिया। समिति में मुख्य रेल पथ निरीक्षक, मुख्य लोको निरीक्षक, यातायात निरीक्षक व मुख्य सिगनल निरीक्षक को रखा गया। बृहस्पतिवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित कंटेनर के पहियों, पटरी व प्वाइंट के बीच नापतौल की गई। देर शाम तक कोई निष्कर्ष न निकलने के कारण टीम अब शुक्रवार को जांच जारी रखेगी। पिछले साल भी ठीक इसी जगह फरीदाबाद स्पेशल मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर गया था।
ताज एक्सप्रेस के कोच की स्प्रिंग टूटी
झांसी। ताज एक्सप्रेस के एक कोच की स्प्रिंग टूटने पर बृहस्पतिवार को गाड़ी पूरी गति के साथ नई दिल्ली के लिए रवाना नहीं हो सकी।
नई दिल्ली से झांसी के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस के डी 7 कोच के नीचे लगी रहने वाली एक स्प्रिंग बृहस्पतिवार को टूट गई। ट्रेन के झांसी आने पर इस खामी को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। इस खामी के कारण ट्रेन को झांसी से 110 किलोमीटर प्रति घंटा की जगह 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से रवाना किया गया। इस कारण ट्रेन देरी से नई दिल्ली पहुंच सकी।